Balrampur News: बलरामपुर में फसल सर्वे कर रहे कृषि विभाग के एक प्राविधिक सहायक को भीड़ ने ‘चोर’ बताकर पीट दिया। यह घटना सदर ब्लॉक के सेमरहना जबदहा गांव में हुई। पीड़ित कर्मचारी ने एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक के पद पर तैनात रंजीत कुमार गौतम बाराबंकी के ग्राम सुरवारी सिरौली, रामनगर के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को वह सेमरहना जबदहा गांव में फसल का सर्वे कर रहे थे।
रंजीत कुमार गौतम के अनुसार, लगभग 100 गाटा (खेत) का सर्वे करने के बाद जब वह गांव के पास पहुंचे, तो 40-50 लोग लाठी-डंडा लिए ‘चोर-चोर’ कहते हुए उनकी ओर बढ़ रहे थे। उन्होंने भीड़ से बात करने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। भीड़ में से अर्जुन नामक एक व्यक्ति ने लाठी से उन पर वार कर दिया। इसी बीच पंचायत सहायक के पिता मौके पर पहुंचे और उनके बीच-बचाव करने पर भीड़ शांत हुई। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।






