Balrampur News: बलरामपुर जिले के सोहेलदेव वन्यजीव अभयारण्य के बरहवा रेंज अंतर्गत मंसूरवा गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब धनीराम यादव के घर में करीब 12 फीट लंबा अजगर निकल आया।
सुबह करीब 7 बजे जब ग्रामीणों ने घर के अंदर अजगर को देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी तुरंत बरहवा रेंज वन विभाग को दी गई। सूचना पाकर वन रक्षक राम नरेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेंजर बृजेश सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के बाद अजगर को गांव से दूर तेंदुआनगर बीट के गणेशपुर भरभरी जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी वन्यजीव दिखे तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।






