Balrampur News: बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सकडरिया गांव में 7 अक्टूबर को हुई एक किशोरी की हत्या का मामला अब तक अनसुलझा है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी का सुराग नहीं मिल सका है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की मदद ले रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका 6 अक्टूबर की शाम शौच के लिए घर से निकली थी। देर रात तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह उसका शव गांव में राजेश वर्मा के खेत के पास पानी से भरे एक गड्ढे में मिला। पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, किशोरी की हत्या मुंह और नाक दबाकर की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का दावा है कि इस पूरे मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।






