Gonda News: गोंडा देवीपाटन मंडल ने IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रीड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में तीसरी बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। सितंबर 2025 की मासिक रैंकिंग में मंडल ने 18 मंडलों में शीर्ष पर रहते हुए 120 में से 104 अंक प्राप्त किए। यह रैंकिंग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकता वाले IGRS पोर्टल पर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर तैयार की जाती है।मंडल ने 86 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का उत्कृष्ट निस्तारण कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। अपर आयुक्त देवीपाटन, कमलेश चंद्र ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम की ईमानदारी, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, जनता की हर शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाता है।
अपर आयुक्त ने आगे कहा कि पारदर्शिता, ईमानदारी और समयबद्ध कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है। पूरी टीम ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, जिसका परिणाम प्रदेश में प्रथम स्थान के रूप में मिला है। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए मंडल स्तर पर नियमित निगरानी की जा रही है। प्रत्येक शिकायत का विश्लेषण कर संबंधित अधिकारी को समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।सितंबर माह की रिपोर्ट के अनुसार, IGRS पोर्टल पर कुल 75 संदर्भों को चिह्नित किया गया। मार्किंग प्रक्रिया में कुल 5 दिन लगे, जिसका अर्थ है कि औसतन 2 घंटे से भी कम समय में हर शिकायत को उचित अधिकारी तक पहुंचाया गया। इस मार्किंग प्रक्रिया में मंडल को पूरे 10 10 अंक प्राप्त हुए जो निस्तारण की गति और गुणवत्ता दोनों को दर्शाता है।कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि लगातार मेरे द्वारा और अपर आयुक्त द्वारा खुद शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की जाती है। उसी का नतीजा है कि लगातार तीन बार से देवीपाटन मंडल नंबर वन पर आ रहा है आने वाले समय में भी नंबर वन पर रहेगा ऐसी हम लोगों की प्राथमिकता है।








