Balrampur News: उतरौला कोतवाली परिसर में रविवार को विधायक निधि से निर्मित जनसुनवाई कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया। विधायक रामप्रताप वर्मा और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस सुविधा से अब एक लाख रुपये तक के साइबर अपराधों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा।
विधायक रामप्रताप वर्मा ने बताया कि जनसुनवाई कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें शिकायतों के समाधान के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने सरकार के उद्देश्य पर जोर दिया कि पुलिस व्यवस्था आम नागरिक के करीब आए और पीड़ितों को तत्काल न्याय मिले।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जानकारी दी कि पहले साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने और निस्तारण के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। अब उतरौला कोतवाली में स्थापित यह हेल्प डेस्क एक लाख रुपये तक के साइबर अपराधों का यहीं पर समाधान करेगा, जिससे पीड़ितों को त्वरित राहत मिलेगी और जांच प्रक्रिया भी तेज होगी।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने कहा कि आधुनिक युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं। स्थानीय स्तर पर हेल्प डेस्क की स्थापना से लोगों को ऐसी समस्याओं में तुरंत सहायता मिल सकेगी।
क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि जनसुनवाई कक्ष आम जनता के लिए पारदर्शी संवाद का माध्यम बनेगा। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई कक्ष में शिकायतों को सुनने और समाधान करने की विशेष व्यवस्था है, जबकि साइबर हेल्प डेस्क ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेगा।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्त, ब्लॉक प्रमुख महिपाल चौधरी, डॉ. एहसान खान, राहुल जयसवाल सहित उपनिरीक्षकगण, पुलिस कर्मी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






