Balrampur News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजीज खान आज उतरौला दौरे पर पहुंचे और भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और असंतोष की भावना लगातार बढ़ रही है। अजीज खान ने बताया कि युवा वर्ग बेरोजगारी और अवसरों की कमी के कारण हताशा में जी रहा है, वहीं गांव के गरीब, किसान और छोटे व्यापारी सरकार की नीतियों के चलते कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।
अजीज खान ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि जीडीपी में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे आर्थिक अस्थिरता और बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति की विफलताओं पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि ऐसे समय में सरकार केवल सत्ता बचाने और प्रचार तक ही सीमित नजर आती है, जबकि आम जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उतरौला के स्थानीय विकास पर बात करते हुए अजीज खान ने कहा कि यहाँ के भाजपा जनप्रतिनिधि और मुख्यमंत्री का ध्यान क्षेत्र के विकास पर नहीं है, जिसके कारण लोग उपेक्षा और असंतोष महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में जनता सरकार से और नाराज हो सकती है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान वसीम खान, छब्बू शाह, निहाल खां, हाजी छन्नन खां, पवन यादव, राकेश यादव और राम समुझ यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।






