बलरामपुर के वीर विनय चौराहे स्थित ऐतिहासिक हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को हाल, गेट, बाउंड्री वॉल और रेलिंग के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
यह भूमि पूजन समारोह महंत महेन्द्र दास के सानिध्य में आयोजित किया गया। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
इन विकास कार्यों पर लगभग पच्चीस लाख रुपये की लागत आएगी, जिसका वहन डॉ. धीरू अपने निजी सहयोग से करेंगे। डॉ. धीरू ने बताया कि हनुमान गढ़ी बलरामपुर की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना नगर पालिका का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य से मंदिर परिसर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर संघ के विभाग कार्यवाह सौम्य अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. कौशल्या गुप्ता, डी.पी. सिंह बैस, डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, अशोक पाण्डेय, उमाशंकर त्रिपाठी ‘बाबा’, अनूप मिश्रा ‘डब्बू’, विद्या भूषण, पवन शुक्ला, अविनाश मिश्र, संजय शर्मा, अतुल तिवारी, नरेश सेहरावत और संजय शुक्ला सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूजन के उपरांत उपस्थित लोगों ने निर्माण कार्य की सफलता के लिए भगवान हनुमान से आशीर्वाद प्राप्त किया।






