Balrampur News: बलरामपुर जिले के हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र में वन्यजीव के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई है। इन हमलों में एक वृद्ध दंपति सहित तीन लोग घायल हुए हैं। वन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है और उसका दावा है कि इन घटनाओं को संभवतः एक पागल सियार ने अंजाम दिया है।
पहली घटना शनिवार तड़के चौधरी डीह गांव में हुई। 70 वर्षीय द्वारिका और उनकी 59 वर्षीय पत्नी कृष्णावती अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे जब कृष्णावती शौच के लिए बाहर गईं, तो एक वन्यजीव ने उन पर हमला कर दिया और उनका मुंह बुरी तरह नोंच डाला। शोर सुनकर द्वारिका उन्हें बचाने पहुंचे, तो जानवर ने उनके पैर पर भी हमला कर घायल कर दिया।
घायल दंपति को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भिनगा, बहराइच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने हमलावर वन्यजीव की काफी देर तक तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
दूसरी घटना शुक्रवार रात सुल्तान कला गांव में सामने आई। यहां 20 वर्षीय रीना अपने पिता तुलाराम यादव के साथ धान की मड़ाई कर रही थी, तभी अचानक एक वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर रीना को बचाया, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।
हरैया सतघरवा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। बनकटवा रेंज के रेंजर शत्रुघ्न लाल के अनुसार, हमलावर वन्यजीव की तलाश की जा रही है और विभाग की टीम आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क व जागरूक कर रही है।






