---Advertisement---

Balrampur News: बलरामपुर के नवविवाहिता की सड़क हादसे में मौत:अयोध्या परिक्रमा से लौटते समय गोंडा में हुआ हादसा

On: November 1, 2025 12:49 PM
Balrampur News
---Advertisement---

Balrampur News: अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा कर लौट रहे नवविवाहित दंपती की शुक्रवार की भोर गोंडा जिले के कटरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में बलरामपुर निवासी पत्नी नीलम मौर्या की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति महेश मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना की सूचना पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।

थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम गौर खास निवासी महेश मौर्या पुत्र रामपाल मौर्या अपनी पत्नी नीलम के साथ मंगलवार को अयोध्या की परिक्रमा के लिए निकले थे। पिता रामपाल मौर्या ने बताया कि मंगलवार को परिक्रमा न होने की जानकारी मिलने पर दोनों पूजा-पाठ कर वापस लौट आए। बुधवार को फिर अयोध्या गए और परिक्रमा पूर्ण करने के बाद शुक्रवार की भोर करीब चार बजे गोंडा जिले के कटरा क्षेत्र के पास बाइक से लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया कि सुबह पुलिस से फोन पर सूचना मिली कि बेटा और बहू सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। जब अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि बहू नीलम अब इस दुनिया में नहीं रही। वह बहुत संस्कारी, सरल और धार्मिक स्वभाव की थी।

बेटे-बहू की जोड़ी देखकर पूरा परिवार खुश था, लेकिन भगवान ने बहू को अपने पास बुला लिया। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी इसी वर्ष मई 2025 में हुई थी और यह उनकी पहली धार्मिक यात्रा थी। हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शनिवार की सुबह नीलम मौर्या का अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों की आंखों में आंसू और माहौल गमगीन था। अंतिम संस्कार में ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्तगंज हेमंत जायसवाल, मंडल अध्यक्ष राम निवास वर्मा, इमरान खान नियाजी, टिंकू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment