Gonda News: गोंडा में राज्य कर विभाग ने जांच के दौरान 98 लाख 25 हजार 190 रुपए की जीएसटी चोरी पकड़ी है इस बड़े पैमाने पर हुई चोरी के बाद विभाग ने फर्म का अनुबंध निलंबित कर दिया है और वित्तीय हेरफेर के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
राज्य कर विभाग खंड चार के उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को एक गोपनीय शिकायत पर कार्रवाई की। उन्होंने कौड़िया कस्बा आर्यनगर छितौनी स्थित मनोज कुमार की फर्म ‘सर्वश्री कुमार इंटरप्राइजेज’ की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान फर्म के लेनदेन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
पता चला कि फर्म ने ऐसी इकाइयों के साथ वित्तीय लेनदेन किया था, जिनका कोई अस्तित्व नहीं था या जिनके मालिकों ने अपना पंजीकरण रद्द कर दिया था।उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि फर्म ने 4 करोड़ 96 लाख 32 हजार 501 रुपए की आउटवर्ड सप्लाई घोषित की थी, जिसके माध्यम से 98 लाख 25 हजार 190 रुपए की जीएसटी चोरी की गई।
इस मामले में ‘सर्वश्री कुमार इंटरप्राइजेज’ के प्रोपराइटर मनोज कुमार के खिलाफ कौड़िया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कौड़िया थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने पुष्टि की कि राज्य कर विभाग के उपायुक्त सुरेंद्र कुमार की तहरीर पर मनोज कुमार के खिलाफ जीएसटी चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना आर्यनगर चौकी प्रभारी अरुण द्विवेदी को सौंपी गई है। जांच के लिए विभाग से साक्ष्य भी मांगे गए हैं।








