Balrampur News: बलरामपुरजिले के तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड में बुधवार को हड़ताल के चलते सुनवाई टल गई है। वादी अधिवक्ता की ओर से जिला जज के यहां सुनवाई के लिए दूसरे कोर्ट पर स्थानांतरण की मांग की गई थी। इस मामले में अब 10 नवंबर की तारीख तय की गई है। वहीं एमपी-एमएलए कोर्ट में विशेष न्यायाधीश दीप नारायण तिवारी ने निर्णय पर सुनवाई के लिए 13 नवंबर की तिथि तय की है। पूरे दिन इस बहुचर्चित हत्याकांड में कोर्ट बदलने व निर्णय को लेकर चर्चा होती रही।
तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे कर दी गई थी। पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी पुत्री जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद समेत पांच आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका तक की कार्रवाई भी की थी। पुलिस का आरोप था कि सपा में टिकट की दावेदारी में पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई थी।
एमपी-एमएलए कोर्ट पर इस मामले की सुनवाई लगभग पूरी हो चुकी है। अब इसमें निर्णय होना ही बाकी है। एमपी-एमएलए कोर्ट पर फैसले को लेकर सियासी खेमों के साथ ही आम लोगों में काफी चर्चा है। बुधवार को हड़ताल के चलते जिला जज के यहां सुनवाई नहीं हो सकी। दूसरे कोर्ट में स्थानांतरण की मांग पर सुनवाई अब 10 नवंबर को होगी। वहीं एमएपी-एमएलए कोर्ट में केस का फैसला 13 नवंबर को आने की उम्मीद है। पूर्व सांसद रिजवान जहीर मौजूदा समय में ललितपुर जेल में बंद हैं। इस मुकदमे में फैसले से पूर्व सांसद के भविष्य की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसी मुकदमे में पूर्व सांसद की बेटी जेबा रिजवान व उनके दामाद रमीज अहमद जमानत पर हैं।






