Balrampur News: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उतरौला उपशाखा ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। तहसील परिसर में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में लेखपालों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष मदन मोहन श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन मंत्री मनोज यादव ने किया। वक्ताओं ने बताया कि वर्षों से लंबित प्रमुख मांगों के कारण संगठन को अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
इन मांगों में प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण, पदनाम परिवर्तन, पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण, एसीपी विसंगति दूर करना, पेंशन विसंगति, भत्तों में बढ़ोतरी और राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना शामिल हैं।
अध्यक्ष मदन मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार उनके मुद्दों को लगातार लंबित रख रही है, जबकि लेखपाल गांव-गांव जाकर राजस्व व्यवस्था की रीढ़ के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मंत्री मनोज यादव ने बताया कि लेखपालों को भारी कार्यभार के बावजूद उचित वेतनमान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने एसीपी और पेंशन से जुड़ी वर्षों पुरानी विसंगतियों को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। यादव ने यह भी कहा कि राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना से राजस्व कार्यों में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ेगी।






