Balrampur News: बलरामपुर में पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू हत्याकांड मामले में वादी अब्दुल महमूद खान ने न्यायालय बदलने का अपना प्रार्थना पत्र जिला जज की अदालत से वापस ले लिया है। इस मामले की सुनवाई अब एमपी-एमएलए कोर्ट में 20 नवंबर को होगी।
हालांकि, 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर संशय बना हुआ है। विशेष न्यायाधीश दीप नारायण तिवारी का मऊ जनपद में स्थानांतरण होने के कारण एमपी-एमएलए कोर्ट में न्यायाधीश का पद रिक्त है।
तुलसीपुर के जरवा मार्ग पर 4 जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
रासुका के तहत कार्रवाई हुई थी
पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर रासुका के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस का आरोप था कि सपा में टिकट की दावेदारी को लेकर फिरोज पप्पू की हत्या की गई थी। रिजवान जहीर इस समय ललितपुर जेल में बंद हैं, जबकि उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत जमानत पर हैं।
विशेष न्यायाधीश दीप नारायण तिवारी इस बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई कर रहे थे और हाल ही में उनका स्थानांतरण मऊ जनपद में हो गया है। वह अपने पद से कार्यमुक्त भी हो चुके हैं। अब इस न्यायालय में नए जज को मामले की सुनवाई करनी होगी।
बताया जा रहा है कि मामले की सुनवाई लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन अब आशंका व्यक्त की जा रही है कि नए न्यायाधीश के आने पर बहस फिर से शुरू हो सकती है।






