---Advertisement---

Balrampur News: अवैध कब्जा और पटरियों पर दुकानें – समस्या से जूझ रहा उतरौला

On: December 13, 2025 9:55 PM
Balrampur News
---Advertisement---

Balrampur News: उतरौला कस्बा इन दिनों ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। एक समय था जब यहां की सड़कों पर आवाजाही सरल और सहज थी, लेकिन बीते कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ते वाहनों की संख्या, सड़क पर अवैध कब्जा, और असंगठित यातायात व्यवस्था ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बना दिया है। आज हालात यह हैं कि कस्बे के मुख्य बाजार से लेकर मोहल्लों को जोड़ने वाले रास्तों तक जाम की समस्या दिनभर बनी रहती है, जिससे आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

सुबह और दोपहर में सबसे अधिक संकट

वैसे तो जाम की समस्या लगभग हर समय बनी रहती है लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होती है। यह वह समय है जब स्कूल, कॉलेज और दफ्तर आने जाने वाले लोग बड़ी संख्या में सड़क पर होते हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे से मुख्य बाजार की ओर जाने वाला मार्ग, जो कस्बे की प्रमुख जीवनरेखा है, इस समय लगभग ठहर सा जाता है।टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल,मोहम्मद एम वाई उस्मानी इंटर कॉलेज, एच आर ए इंटर कॉलेज,राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इमानुएल चर्च स्कूल, एमजी एक्टिविटी स्कूल, स्कॉलर्स अकैडमी, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज और अन्य प्रमुख स्कूलों के छात्र-छात्राएं जाम में फंसकर देर से स्कूल पहुंचते हैं जिससे उनकी पढ़ाई तो बाधित होती ही है साथ ही शिक्षकों का डाट भी खाना पड़ता है, और लौटते समय भी घर पहुंचने में उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है।

एक छात्रा के अभिभावक ने बताया, “हम सुबह समय से बच्चों को स्कूल भेजते हैं, लेकिन जाम के कारण वे लेट पहुंचते हैं। इससे उनका पढ़ाई का समय बर्बाद होता है और कई बार उन्हें शिक्षक की नाराजगी भी झेलनी पड़ती है।”

अवैध कब्जा और पटरियों पर दुकानें – समस्या की जड़

स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि इस जाम का मुख्य कारण सड़क के दोनों किनारों पर पटरियों पर अवैध कब्जा है। कई दुकानदार अपने सामान को पटरियों पर फैलाकर रखते हैं, जिससे सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है। इनके यहां खरीदारी करने आने वाले ग्राहक अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात और बाधित होता है।

कुछ सूत्रों का दावा है कि यह अस्थाई दुकानें केवल अपनी मर्जी से नहीं लगतीं, बल्कि कुछ प्रभावशाली लोग इनसे मोटी रकम वसूल कर पटरियों पर कब्जा करने की अनुमति देते हैं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के लिए यातायात का बड़ा संकट भी पैदा करता है।

बेतरतीब वाहन पार्किंग और ऑटो-रिक्शा की कतारें

श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर ऑटो रिक्शा और ठेले बेतरतीब ढंग से खड़े होते हैं। ड्राइवर यात्रियों के इंतजार में सड़क के किनारे, बल्कि कई बार बीच सड़क पर खड़े रहते हैं। इसके अलावा, गोंडा मोड़, सब्जी मंडी, और फक्कड़ दास चौराहे तक का रास्ता भी दिन में कई बार पूरी तरह जाम हो जाता है।

व्यापार पर असर

ट्रैफिक जाम केवल लोगों की यात्रा में देरी नहीं कर रहा, बल्कि स्थानीय व्यापार पर भी नकारात्मक असर डाल रहा है। कस्बे के बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को लंबा समय जाम में बिताना पड़ता है। नतीजा यह है कि कई लोग यहां आने से बचते हैं और अन्य कस्बों या ऑनलाइन खरीदारी की ओर रुख कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस कारण उनकी बिक्री में कमी आ रही है।

आर्थिक और मानसिक नुकसान

लोगों का कहना है कि रोजाना का जाम समय, ईंधन और ऊर्जा – तीनों की बर्बादी कर रहा है। कई बार स्कूल और ऑफिस जाने वाले लोग घंटों देर से पहुंचते हैं, जिससे उनके कामकाज पर असर पड़ता है। वहीं, बार-बार हॉर्न और वाहनों के धुएं से प्रदूषण बढ़ रहा है, जो खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।

स्थानीय निवासियों की राय और सुझाव

कस्बे के कई जागरूक नागरिकों और समाजसेवियों ने प्रशासन को सुझाव दिया हैं कि पटरियों और सड़कों पर फैले दुकानों के सामान को हटाया जाए और दुकानदारों को केवल अपनी दुकान की सीमा तक ही सामान रखने की अनुमति दी जाए।

*कुछ भीड़भाड़ वाले रास्तों को वन-वे किया जाए, जिससे यातायात का दबाव कम हो सके।

*बाजार के आसपास अलग से पार्किंग स्थल बनाए जाएं, ताकि वाहन सड़क पर खड़े न हों।

*व्यस्त समय में अधिक संख्या में यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं, ताकि वाहन व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

*ऑटो और ठेला चालकों के लिए स्टैंड  निर्धारित स्थान तय किया जाए, ताकि वे सड़कों को अवरुद्ध न करें।

प्रशासन की जिम्मेदारी और अपेक्षा

उतरौला के नागरिकों का मानना है कि यह समस्या अब तत्काल कार्रवाई की मांग करती है। अगर अभी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में यह और भी गंभीर रूप ले सकती है। नगर पालिका, पुलिस विभाग और यातायात विभाग को मिलकर इस दिशा में ठोस योजना बनानी होगी।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा, “जाम अब सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण बन चुका है। प्रशासन को चाहिए कि वह इस मुद्दे पर प्राथमिकता से काम करे।”

उतरौला में ट्रैफिक जाम की समस्या ने लोगों के रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर दिया है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर कोई इससे परेशान है। यह केवल प्रशासनिक सख्ती, नागरिक अनुशासन और उचित योजना से ही हल हो सकती है। अगर प्रशासन, दुकानदार और आम नागरिक मिलकर सहयोग करें, तो उतरौला को जाम की इस जकड़न से मुक्त किया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment