Balrampur News: बलरामपुर के डीएम विपिन कुमार जैन ने आज तहसील उतरौला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पिपरा एकड़ंगा में आयोजित जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, दवा वितरण एवं जांच सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन आरोग्य मेले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
डीएम ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, जांच व्यवस्थाओं और अभिलेखों की गहन समीक्षा की। जहां भी खामियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए और किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना सहित सभी जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी जरूरतमंद इलाज से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।






