Balrampur News: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रकाशन हो गया। मतदाता सूची से 4,11,200 वोटरों को नाम कट सकते हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध करा दी गई है। अब 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। छह मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
जिले में चारों विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्तूबर 2025 को फ्रीज मतदाता सूची में 15,83,027 वोटरों का नाम दर्ज था। इसमें 8,53,765 पुरुष, 7,29,209 महिला व 53 थर्ड जेंडर के नाम थे। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद छह जनवरी 2026 को चारों विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस सूची में 11,71,827 वोटरों के नाम रह गए। इसमें 6,65,669 पुरुष 5,06,125 महिला व 33 थर्ड जेंडर हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गणना अवधि के दौरान 4,11,200 वोटरों के नाम नहीं मिले हैं। इनमें से 63,138 मृतक वोटर हैं। 1,33,371 वोटर स्थायी रूप से शिफ्टेड मिले हैं। 37,090 वोटरों के नाम सूची में दो बार दर्ज हो गए हैं। अभियान में 1,59,709 वोटरों का पता नहीं चल रहा है। जबकि 17 हजार 892 वोटर अन्य क्षेणी में पाए गए हैं। इनका भी डाटा नहीं मिल रहा है।
| विधानसभा क्षेत्र का नाम | पुरुष वोटर | महिला वोटर | थर्ड जेंडर वोटर | कुल वोटर |
| तुलसीपुर | 165661 | 126721 | 10 | 292392 |
| गैसड़ी | 155989 | 118989 | 10 | 274988 |
| उतरौला | 175558 | 131004 | 13 | 306575 |
| बलरामपुर | 168461 | 129411 | 00 | 297872 |
| कुल योग | 665669 | 506125 | 33 | 1171827 |
18 वर्ष के हो गए तो बने मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति राय का कहना है कि ऐसे पात्र व्यक्ति जो एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के हैं और वे अभी तक वोटर नहीं बने है। ऐसे युवक-युवतियां अपने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक फार्म 6 ए, मृतक, शिफ्टेड व डुपलीकेट नामों को मतदाता सूची से हटवाने के लिए फार्म 7, मतदाता सूची में दर्ज अशुद्धियों को शुद्ध कराने, एक से दूसर स्थान पर नाम स्थानांतरण कराने के लिए फार्म 8 भर सकते हैं। सभी फार्म मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, संबंधित तहसील व जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आयोग के वेबसाइट पर भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
राजनीतिक दलों से अपील
-जनपद के सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए सहयोग करें। काई भी अर्ह नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। सूची में दर्ज नाम, पता, आयु व अन्य त्रुटियों को दूर कराकर साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
विपिन कुमार जैन, जिला निर्वाचन अधिकारी





