Balrampur News: संवाददाता रामरूप यादव। आज दिनांक 24.09.2025 को मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना गैड़ास बुजुर्ग जनपद बलरामपुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गैड़ास बुजुर्ग की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष गैड़ास बुजुर्ग श्री राजीव कुमार मिश्रा ने छात्राओं का स्वागत किया और थाने के कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, मिशन शक्ति केन्द्र की भूमिका, एफ.आई.आर. दर्ज करने की प्रक्रिया, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम, ईव टीजिंग, दहेज उत्पीड़न और अन्य महिला संबंधी अपराधों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1930 तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, एवं जागरूकता के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्राओं को आत्मरक्षा के मूलभूत तरीकों, ऑनलाइन सुरक्षा और किसी भी प्रकार की घटना में त्वरित रिपोर्ट करने की प्रक्रिया समझायी गयी।
छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे जिनका उत्तर थाना गैड़ास बुजुर्ग पुलिस टीम द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष गैड़ास बुजुर्ग ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अनुभव कराना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।






