Balrampur News: बलरामपुर जिले के पचपेड़वा कस्बे में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बैट्री कारोबारी से ₹21,000 की ठगी कर ली। यह घटना थाना पचपेड़वा क्षेत्र के पचपेड़वा चौराहे पर स्थित मोहम्मद कलीम की रहीम बैट्री सर्विस दुकान पर हुई।जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की शाम करीब 7:38 बजे एक व्यक्ति खाकी वर्दी जैसे कपड़े और हेलमेट पहनकर बाइक से कलीम की दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को पचपेड़वा थाने का कर्मचारी बताया और कहा कि थाने के लिए तीन इनवर्टर और तीन बैटरियां चाहिए। जिसके बदले में पुरानी छह बैटरियां कबाड़ में ले ली जाएंगी।
कलीम ने उस पर भरोसा कर लिया और उसके साथ थाना परिसर तक गया। वहां पहुंचने पर ठग ने कलीम से कहा कि “पहले पैसे दे दो, दीवान जी को देने हैं।” कलीम ने थाने के गेट पर ही उसे ₹21,000 नकद दे दिए। इसके बाद ठग ने कहा, “तुम बैटरियां अंदर ले आओ, मैं चाबी लेकर आता हूं।”
जल्द आरोपी होगा गिरफ्तार
जैसे ही व्यापारी रिक्शे से सामान लेकर थाने के अंदर गया, खाकी वर्दी वाला व्यक्ति मौके से गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला, तब व्यापारी कलीम को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुका है। पीड़ित कलीम ने इस मामले की लिखित शिकायत थाना प्रभारी पचपेड़वा को दी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना की निंदा की है और अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति थाने या किसी सरकारी विभाग का नाम लेकर खरीदारी करे, तो पहले उसकी पहचान सुनिश्चित की जाए। प्रभारी निरीक्षक थाना पचपेड़वा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।






