Balrampur News: वाराणसी में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बलरामपुर के वकीलों ने कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी परिसर में हुई इस घटना में बुजुर्ग और महिला अधिवक्ता भी घायल हुए हैं। दी कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन बलरामपुर के सदस्यों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। वकीलों ने अधिवक्ताओं पर दर्ज की गई एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
सरकार ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया
बार एसोसिएशन ने वाराणसी प्रशासन की एक तरफा कार्रवाई की निंदा की है। उनका कहना है कि यह अधिवक्ताओं के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। वकीलों का कहना है कि वे लंबे समय से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेंगे। वकीलों का कहना है कि वे इस मुद्दे को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे।






