Balrampur News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला में कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) टीम ने स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, दवा वितरण प्रणाली, प्रसूति सेवाओं, लैब जांच, ओपीडी सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, केंद्रीय टीम ने केंद्र पर संचालित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया। इनमें जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत कार्ड योजना, परिवार नियोजन कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, रेबीज कंट्रोल कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और किशोर स्वास्थ्य योजना शामिल हैं।
टीम ने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय सीएचसी अधीक्षक चंद्र प्रकाश सिंह, डॉ. योगेन्द्र कुमार, डॉ. विनय कुमार गुप्त, डॉ. यासिर खान, डॉ. अताउल्लाह खान, डॉ. शालिनी मिश्रा सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।






