Balrampur News: संवाददाता रक्षा राम यादव की रिपोर्ट- बलरामपुर के उतरौला में नवरात्रि के सातवें दिन भक्तिमय माहौल देखने को मिला। बाबा फक्कड़ दास चौराहे पर स्थित माता रानी के दरबार में देर रात तक जय महाकाल ग्रुप उतरौला के द्वारा भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सिंगर और झांकी कलाकारों ने माता के भजनों और झांकियों से ऐसा दिव्य वातावरण बनाया कि पूरा पंडाल भक्तिमय रंग में रंग गया। श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ झूमते और नाचते हुए रातभर उत्साह दिखाया।
इस भव्य जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। व्यवस्था अनुशासित रही। जिला पंचायत सदस्य उतरौला ग्रामीण श्री राम दयाल यादव एवं जिला पंचायत सदस्य महुआ धनी श्री ध्रुव राज यादव भी आयोजन में उपस्थित रहे जिन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर, भक्तों के साथ भक्ति रस में डूब गए। उनके साथ समिति के सदस्य और नगर के गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
पूरे आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। माता की आरती के साथ वातावरण भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा। देर रात तक चले इस जागरण ने भक्तों को आध्यात्मिक सुख और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की।






