बलरामपुर के प्रसिद्ध देवीपाटन धाम में इस वर्ष दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। 51 शक्तिपीठों में से एक इस धाम में मां भगवती के दरबार को लगभग 11,000 दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा।
इस अवसर पर शक्तिपीठ के महंत मिथलेश नाथ योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता रानी की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।दीपोत्सव में दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु देवीपाटन पहुंचे।
पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्तजन इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई। महंत मिथलेश नाथ योगी ने इस अवसर पर सभी देशवासियों को दीपावली और दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम और भाजपा के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। मंदिर प्रांगण में दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण ने सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।






