Balrampur News: ललिया थाना क्षेत्र के सिंहपुर कस्बे में स्थित काली माता मंदिर पर मंगलवार देर शाम माइक बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। मंदिर के पुजारी ठाकुर प्रसाद गुप्ता ने कस्बे के एक मुस्लिम युवक पर गाली देने, हाथ पकड़कर घसीटने और देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुजारी ठाकुर प्रसाद गुप्ता के अनुसार, मंगलवार देर शाम मंदिर परिसर में श्रद्धालु कीर्तन कर रहे थे और लाउडस्पीकर पर भजन चल रहा था। इसी दौरान कस्बा निवासी फखरू मास्टर वहां पहुंचे और माइक बंद कराने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने पुजारी का हाथ पकड़कर सड़क तक घसीटा, गाली-गलौज की और देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहे।
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया। इस घटना के बाद कस्बे में आक्रोश फैल गया। बुधवार शाम बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग ललिया थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया।
ललिया थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि यह मामला माइक की आवाज को लेकर उत्पन्न हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी फखरू मास्टर को हिरासत में ले लिया। जांच के बाद उसे शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है।






