Balrampur News: बलरामपुर जिले में अवैध विस्फोटक भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस, एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हर्रैया थाना क्षेत्र के गुगौली कला गांव में आरोपी अजमेर के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई 13 नवंबर की शाम एसएसबी 9वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट सुधांशु बौड़ाई को मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। सूचना थी कि गुगौली कला निवासी अजमेर के घर में भरूई बंदूक में इस्तेमाल होने वाली बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री छिपाई गई है।
जानकारी मिलते ही एसएसबी, वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रभारी निरीक्षक हर्रैया अनिल कुमार सिंह को सूचित कर अतिरिक्त बल के साथ गांव में दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को अजमेर के घर से 68 नग गोला, 495 ग्राम सफेद पाउडर, 200 ग्राम पीला पाउडर, 166 ग्राम लाल पत्थर और 205 ग्राम काला पाउडर मिला।
बरामद सभी सामग्री को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ हर्रैया थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर जिले में बारूद और विस्फोटक पदार्थों के अवैध भंडारण स्थलों पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में इस अभियान को यह बड़ी सफलता मिली है।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी अजमेर ने बताया कि वह पहले पटाखों का कारोबार करता था और उसके पास लाइसेंस भी था, लेकिन बाद में उसने इसका नवीनीकरण नहीं कराया। उसने यह भी बताया कि बरामद सामग्री उसने तुलसीपुर के ईटवा चौराहे पर पटाखा बेचने और भंडारण का लाइसेंस रखने वाले धर्मेंद्र से खरीदी थी।
अजमेर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2023 में भी उसके घर के शौचालय के पास रखे विस्फोटक पदार्थ में धमाका हुआ था। उस घटना में भी उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी और उसे जेल भेजा गया था।






