Gonda News: गोंडा में पत्नी की तेहरवीं से 3 दिन पहले पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी की मौत के बाद वह बच्चों की देखभाल को लेकर परेशान रहता था। रविवार सुबह कमरे में उसने फंदा लगा लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजन उसे बुलाने गए। आवाज दी, पर जवाब नहीं आया। दरवाजा भी अंदर से बंद था।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी। गेट तोड़ा गया तो युवक का शव लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। मामला धानेपुर थाना क्षेत्र का है।
11 साल पहले हुई थी शादी
बनगाई गांव के रहने वाले शिवम सिंह (36) की शादी 18 मई 2014 को दुल्हापुर नई पुरिया की रहने वाली वंदना सिंह (32) से हुई थी। वंदना सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना में आशा बहू थी। शिवम सिंह दिल्ली में के एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। दोनों के एक 6 साल का बेटा वेदांश और 8 साल की बेटी विदांशी है।
दो घंटे में फ्लाइट से घर पहुंचा पति
30 अक्टूबर की रात में वंदना ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी थी। 31 अक्टूबर सुबह जब वंदना सिंह घर से नहीं निकली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर वंदना फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की सूचना पर मिलने पर 2 घंटे के अंदर ही फ्लाइट से पति शिवम सिंह अयोध्या पहुंचा। यहां उसने अपने पत्नी का अंतिम संस्कार किया।
11 नवंबर को था पत्नी का तेहरवीं संस्कार
पत्नी की मौत के बाद शिवम बच्चों की देखभाल को लेकर परेशान रहने लगा था। परिवार वालों से भी इस बात जिक्र करता था। घर से बाहर निकलना भी कम कर दिया था। 11 नवंबर को वंदना का तेरहवीं संस्कार था। परिवार वाले तैयारी में लगे थे। शनिवार सुबह 10 बजे तक जब शिवम सिंह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन उसके पास गए।
कमरे से बाहर खड़े होकर आवाज दी, जवाब नहीं आया। दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन गेट अंदर से बंद होने के कारण नहीं खुला। परिजन डर गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा। अंदर शिवम फंदे से लटक रहा था। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में बच्चों की देखभाल के लिए दादी कोकिला सिंह ही हैं।








