Balrampur News: बलरामपुर में विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया जा रहा है। सुन्दर घाट पर सैकड़ों प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंच रही हैं, जहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्त अपने-अपने पंडालों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ जुलूस की शक्ल में विसर्जन घाट तक ला रहे हैं। यह जुलूस उतरौला-मनकापुर मार्ग से होकर घाट तक पहुंच रहा है।
विसर्जन के इस अवसर पर सांस्कृतिक झांकियां और पारंपरिक संगीत भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं। देर रात तक यह विसर्जन प्रक्रिया जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर, घाट पर भारी पुलिस बल और फ्लड पीएसी की टीम तैनात की गई है।
प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर किए गए सुरक्षा के इंतजाम
सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं। प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर विशेषकर हाई टेंशन तारों वाले इलाकों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। इसका उद्देश्य किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव करना है। अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन प्रक्रिया देर रात लगभग 11 से 12 बजे तक चलेगी।






