Balrampur News: ग्राम सेखुइनिया खुर्द के मजरे सेखुइनिया कला में 23 दिसंबर को गन्ना तोड़ने के विवाद में तीन सगे भाइयों ने एक युवक की लोहे की सरिया और डंडों से पिटाई कर दी। लखनऊ में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने गांव निवासी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम सेखुइनिया खुर्द के मजरे सेखुइनिया कला निवासी साजन कुमार ने 23 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गांव के राम निवास उर्फ छोटू, रामनरेश उर्फ पहलवान व बसंतलाल उर्फ बड़कऊ ने भाई मदन गोपाल (45) को खेत में गन्ना ताेड़ने को लेकर लोहे की सरिया व लाठी-डंडों से सिर कई बार वार करके घायल कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी तुलसीपुर ले गए। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान भाई की 24 दिसंबर को मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीनाें आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एसपी विकास कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ तुलसीपुर डॉ. जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह की टीम ने 25 दिसंबर को तीनों आरोपियों को बड़गो मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत करने पर पहले पिटाई करने का आरोप
एसपी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी राम निवास उर्फ छोटू से पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि 23 दिसंबर को सुबह आठ बजे गन्ने का खेत देखने गया था। आसपास जानकारी की तो पता चला कि मदन गोपाल के बेटे धीरू ने गन्ने का नुकसान पहुंचाया है। जब धीरू के घर गया तो उसने अपने पिता मदन गोपाल को बुला लिया। आरोप लगाया कि मदन गोपाल ने उसकी डंडे से पिटाई कर दी। घर आकर यह बात भाई रामनरेश व बड़कऊ से बताई। दोनों भाइयों के साथ लोहे की सरिया व लाठी-डंडे लेकर मदन के घर गए। मदन ने पहले लाठी से हमला किया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हे गई। तीनों भाइयों ने मदन के सिर पर लोहे की सरिया व लाठी-डंडों से कई बार वार करके घायल कर दिया।






