Balrampur News: बलरामपुर जिले के गौरा चौराहा क्षेत्र के ग्राम कोल्हुईया भोजपुर में रविवार दोपहर एक मुर्गी फार्म में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय निवासी पिंटू सिंह के मुर्गी फार्म में दोपहर लगभग 11:45 बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि उस समय फार्म में नए शेड का निर्माण कार्य चल रहा था। देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया और शेड जलकर राख हो गया।
लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। फार्म मालिक पिंटू सिंह पिछले चार-पांच वर्षों से मुर्गी पालन का व्यवसाय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






