Balrampur News: बलरामपुर जिले में वर्ष 2025 में भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए गए एक सख्त अभियान को बड़ी सफलता मिली है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर आम जनता की जमीनों पर कब्जा करने वाले भूमाफिया नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 21 एफआईआर दर्ज की गईं। इन मामलों में 78 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ये सभी आरोपी लंबे समय से धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े के जरिए जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि भूमाफिया गिरोह सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों की रजिस्ट्री कराता था। इसके बाद वे वास्तविक मालिकों को डराकर या गुमराह कर उनकी जमीनें हड़प लेते थे।
इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भूमाफियाओं के कब्जे से 218.39 बीघा (17.995 हेक्टेयर) भूमि को मुक्त कराया गया। यह जमीन वास्तविक वादियों को वापस सौंप दी गई है। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार, इस मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 37 करोड़ 73 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान उन हजारों लोगों के लिए एक संदेश है, जिनकी जमीनों पर माफियाओं की नजर रहती है। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।






