Balrampur News: बलरामपुर के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र में बेटे की पिटाई से घायल एक बुजुर्ग पिता की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के छोटे बेटे श्यामलाल ने बताया कि 27 अक्टूबर को उनके बड़े भाई राम अक्षयवर ने आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में पिता ननके और श्यामलाल की पत्नी रेनू देवी को लाठी-डंडों से पीटा था। इस संबंध में पिता ननके ने पहले ही थाने में मामला दर्ज कराया था।
पिटाई के बाद ननके को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में प्राथमिक इलाज दिया गया था। उपचार के बाद वे घर आ गए थे, लेकिन उनका इलाज जारी था। बुधवार को उनकी मौत हो गई। श्यामलाल ने पिता की मौत के संबंध में थाने में एक और प्रार्थना पत्र दिया है।
हर्रैया थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र श्यामलाल की तहरीर पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में पहले से ही मुकदमा पंजीकृत है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






