Balrampur News: अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय प्रदीप कुमार ने एमपी-एमएलए कोर्ट पर बुधवार को मुकदमों की सुनवाई की। नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड की सुनवाई अब छह जनवरी को निर्धारित की गई है। पूर्व सपा सांसद रिजवान, बेटी जेबा व दामाद रमीज सहित पांच लोगों पर हत्या का आरोप है।
पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे हत्या हो गई थी। इसमें पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने मामले में पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका के तहत कार्रवाई की थी। इस प्रकरण में पुलिस का आरोप था कि समाजवादी पार्टी से टिकट दावेदारी को लेकर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई थी। वहीं पूर्व सांसद रिजवान जहीर मौजूदा समय में ललितपुर जेल में बंद हैं। इस मुकदमे में पूर्व सांसद की बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद जमानत पर हैं।






