Balrampur News: नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड की सुनवाई 12 जनवरी को होनी है। एमपी-एमएलए कोर्ट नंबर 6 में अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय प्रदीप कुमार तृतीय बहुचचर्चित हत्याकांड की सुनवाई कर रहे हैं। इसमें पूर्व सपा सांसद रिजवान जहरी, बेटी जेबा व दामाद रमीज सहित पांच लोगों पर फैसला होना है।
पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे हत्या हो गई थी। इसमें पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। विवेचना के बाद पुलिस ने एमपी-एमएलए कोर्ट पर आरोप पत्र प्रस्तुत किया। पुलिस ने इस मामले में पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका के तहत कार्रवाई की थी।
इस प्रकरण में पुलिस का आरोप था कि समाजवादी पार्टी से टिकट दावेदारी को लेकर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई थी। इस मुकदमे में पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज नेमत सहित पांच लोगों पर कोर्ट से फैसला होना है। एमपी-एमएलए कोर्ट पर बहुचर्चित हत्याकांड के इस मुकदमे में फैसला आने को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। फिलहाल पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत जमानत पर हैं।





