Balrampur News: बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम क़रीब 6:30 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। गुमडी घाट से विसर्जन के बाद लौट रही एक खाली ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब दर्जन भर श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना उतरौला-गोंडा मुख्य मार्ग पर राजेंद्रगंज के पास हुई।
घायलों में भजनू (38) पुत्र रामसागर निवासी तिवरीपुरवा गुमडी, उर्मिला (40) पत्नी लवकुश, दुलारपति (32) पत्नी स्व. शिवकुमार, स्वाती (20) पुत्री लवकुश वर्मा, आकाश (19) पुत्र चेतराम वर्मा, जाह्नवी (8) पुत्री लवकुश वर्मा और खुशबू (22) पुत्री रामतरुण शामिल हैं।
ये सभी श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के सरहसवा गांव और गुमडी के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ और एसडीएम उतरौला तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज, कर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






