Balrampur News: बलरामपुर के बहुचर्चित तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड में शुक्रवार को सुनवाई टल गई। MP-MLA कोर्ट संख्या छह में अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय प्रदीप कुमार के न्यायालय में पांच आरोपियों के खिलाफ फैसला सुनाया जाना था, लेकिन अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी। अगली तारीख 12 जनवरी तय की गई है।
सुनवाई के दौरान पूर्व समाजवादी पार्टी सांसद रिजवान जहीर न्यायालय में पेश हुए। उनके साथ उनकी बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज अहमद भी अदालत में उपस्थित थे। ये तीनों इस हत्याकांड के आरोपी हैं।
गौरतलब है कि 4 जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व सांसद रिजवान जहीर समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रिजवान जहीर पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
पुलिस के आरोप के अनुसार, समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी को लेकर आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था। वर्तमान में पूर्व सांसद रिजवान जहीर को गैंगस्टर एक्ट के मामले में जमानत मिल चुकी है। उनकी बेटी जेबा और दामाद रमीज अहमद पहले से ही जमानत पर हैं। अब इस बहुचर्चित हत्याकांड में अगली सुनवाई 12 जनवरी को होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।





