Gonda News: गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर में आरती देवी हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी पति गुनीराम 48 घंटे बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की चार टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। आरोपी गुनीराम अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में पुलिस को काफी परेशानी हो रही है।
पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और दोस्तों से भी कड़ी पूछताछ की है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मृतक आरती देवी के भाई विनय कुमार भी अपने दोस्तों के साथ आरोपी जीजा की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली है।
यह घटना बीते शनिवार सुबह की है, जब गुनीराम ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी आरती देवी की हथौड़ी से सिर पर वार कर और गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार है।
गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा, ‘जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। मोबाइल फोन साथ न होने के कारण तलाश में कुछ कठिनाइयां आ रही हैं। पुलिस टीमें 48 घंटे से लगी हुई हैं और गुनीराम की गहनता से तलाश की जा रही है।’








