Gonda News: गोंडा में रिश्वतखोरी के आरोपों से घिरे जिला समन्वयक निर्माण विद्याभूषण मिश्रा और जिला समन्वयक जेम पोर्टल प्रेम शंकर मिश्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शासन स्तर से बीएसए अतुल कुमार तिवारी पर कार्रवाई के बाद अब इन दोनों के खिलाफ भी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की विवेचना तेज होने से इनकी गिरफ्तारी की तलवार भी लटक रही है।
पुलिस जांच और बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद से दोनों अधिकारी लगातार अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सीओ नगर आनंद राय ने दोनों अधिकारियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। पुलिस उनके खातों से हुए लेनदेन की भी जांच कर रही है। इसके अतिरिक्त, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले मनोज कुमार पांडेय को डीडी (डिमांड ड्राफ्ट) किस परिस्थिति में वापस की गई, जबकि सामान्यतः डीडी टेंडर प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही वापस की जाती है।
जिलाधिकारी द्वारा सीडीओ के माध्यम से कराई गई जांच में भी आरोपों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया में और तेजी आई है। प्रभारी बीएसए रामखेलावन सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के बाद जिला स्तर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने पुलिस जांच में सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि नए बीएसए के आने तक वे ही कार्यभार संभालेंगे। दोनों अधिकारियों के कार्यालय में अनुपस्थित रहने के कारणों की भी जानकारी ली जा रही है।








