Gonda News: गोंडा जिले के नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव में एक चौंकाने वाला मामला आया है। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर ससुरालीजनों ने शव गांव के बाहर सड़क पर फेंक दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव के पूरे अर्जुन मजरा निवासी वीर प्रताप उर्फ चुर्की यादव ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व बहन सुषमा की शादी गांव के ही मुकेश के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति मुकेश सहित अन्य कम दहेज के लिए उसे ताना मारते थे।
ससुरालीजन दहेज में एक बाइक व भैंस की मांग कर रहे थे जिसे अप्रैल में पूरा करने का आश्वासन उसने दिया था। भाई के मुताबिक 28 अक्तूबर की रात में उसकी बहन सुषमा की हत्या करके शव सड़क पर फेंक दिया गया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर पति, सास और ननद सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा किया गया है।








