Gonda News: गोंडा जिले में देवी पाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। चेकिंग अभियान के दौरान उन्होंने एक समाजवादी पार्टी (सपा) नेता की हूटर लगी गाड़ी को सीज कर दिया। आईजी गोंडा जिले में यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
यह घटना लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय चौराहे पर हुई। जहां आईजी अमित पाठक ने पुलिस कर्मियों के साथ अचानक चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सपा का झंडा लगी एक स्कॉर्पियो गाड़ी हूटर बजाते हुए आती दिखी। आईजी ने तत्काल गाड़ी को रुकवाया। जांच में पता चला कि यह हूटर सपा नेता अंसार अहमद द्वारा रौब झाड़ने के लिए लगाया गया था।
गाड़ी को सीज कर हटवाया हूटर
आईजी ने मौके पर मौजूद नगर कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद वाहन को सीज कर चालान किया गया और हूटर हटवाया। चेकिंग के दौरान दो अन्य गाड़ियां भी मिलीं, जिनमें काली फिल्म लगी हुई थी। आईजी अमित पाठक ने इन वाहनों को भी रुकवाया और चालकों से काली फिल्म लगाने का कारण पूछा।
वाहन चालक और मालिक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद दोनों वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई और उनका चालान किया गया। चेकिंग के दौरान, आईजी ने कुछ गाड़ियों में रखी हॉकी और स्टिक भी निकलवाई और उन्हें दोबारा वाहन में न रखने की चेतावनी दी।
आईजी अमित पाठक ने बताया कि यातायात नियमों को न मानने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को लेकर पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया गया है। जो हूटर लगाकर चल रहे हैं काली फिल्म लगाकर चल रहे हैं यह लोग कहीं ना कहीं अपने आप को गुंडा मानसिकता का समझते हैं। ऐसे लोग नारी सुरक्षा और नारी सम्मान के लिए खतरा है ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।








