Gonda News: गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
घटना तुलसीपुर माझा ग्राम पंचायत के पूरे अर्जुन गांव की है। यहां के रहने वाले मुकेश यादव ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी सुषमा यादव (23) के सिर पर डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव को घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क के किनारे फेंककर फरार हो गया।
शादी के बाद से चल रहा था दहेज का विवाद
जानकारी के अनुसार, मुकेश और सुषमा की शादी 13 फरवरी 2023 को हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष सुषमा पर दहेज के लिए दबाव डालने लगा। मृतका के भाई वीर प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि सुषमा को उसका पति मुकेश, ननद रेनू और सास दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष की तरफ से एक मोटरसाइकिल और एक भैंस की मांग की जा रही थी। परिवार वालों ने अप्रैल में यह मांग पूरी करने का भरोसा दिया था, लेकिन इससे पहले ही सुषमा की हत्या कर दी गई।
हत्या को एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश
थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दंपती के बीच पहले झगड़ा हुआ था। इसी दौरान मुकेश ने डंडे से सिर पर वार कर दिया और गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में उसने शव को सड़क पर फेंककर एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की, ताकि पुलिस को भ्रमित कर सके।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति मुकेश यादव, ननद रेनू और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। गांव में घटना के बाद से मातम का माहौल है। मायके पक्ष के लोग बहू की हत्या पर न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं आरोपी परिवार के सदस्य गांव से फरार हैं।








