Gonda News: गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाने के गेट पर एक 25 वर्षीय महिला सीमा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला गुमशुदगी के एक मामले में बयान दर्ज कराने थाने आई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सात नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सीमा के पिता बुधराम ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उमरी बेगमगंज थाने में दर्ज कराई थी। बीती रात सीमा इसी मामले में बयान देने थाने पहुंची थी। बयान देकर लौटते समय धनीराम, सुखना, रेखा, शिवम साहू, गोलू, नितिन और अमरनाथ सहित कुछ अन्य लोगों ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की और जबरन घर ले जाने का प्रयास किया।
किसी तरह बचकर सीमा दोबारा थाने पहुंची, लेकिन गेट पर अंदर जाते समय आरोपियों ने फिर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जब पुलिसकर्मी महिला को बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास किया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उमरी बेगमगंज पुलिस ने सीमा की तहरीर पर सात नामजद और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पांच गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वायरल वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी करते और सीमा के साथ मारपीट करते साफ देखे जा सकते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि महिला को परिजनों को सौंपने के बजाय उसे अकेले घर क्यों जाने दिया गया।
उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच उप निरीक्षक बृजेश यादव को सौंपी गई है। यह वायरल वीडियो रात करीब 12 बजे का बताया जा रहा है।








