Shravasti News: श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। मध्यनगर मनोहरापुर गांव में एक पेड़ पर चिप्पक के जरिए डकैती की धमकी दी गई है। पत्र में 25 तारीख को दो लोगों को सतर्क रहने का फरमान लिखा गया है।
इस चिट्ठी में यहां तक लिखा गया कि – “घर में खाने को कुछ नहीं बचेगा, नवाब बनने की कोशिश मत करना।”
ग्रामीण दहशत में हैं और गांव में रातभर पहरेदारी की जा रही है।
सूचना मिलते ही इकौना थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी भरत पासवान और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह किसी शरारती तत्व की करतूत लग रही है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल गांव में खौफ का माहौल है और ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ चौकसी कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।









