UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के भव्य आयोजन के दौरान विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि एक समय था जब समाजवादी पार्टी ने अयोध्या को जानबूझकर अंधेरे में रखा, लेकिन अब पूरे प्रदेश में रामराज्य का उजाला फैल चुका है. सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और INDIA ब्लॉक को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर आंदोलन के समय कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, उन्हें 2024 में बने भव्य राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होना मंजूर नहीं था।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा, “जिन्होंने गोलियां चलवाईं, वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं आए. राम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए वकीलों की पूरी फौज खड़ी कर दी गई थी. उन्होंने गोलियां चलाईं, लेकिन हमने आस्था के दीप जलाए।”
सत्य की जीत के लिए सनातन ने किया 500 वर्षों का संघर्ष
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हर जलाया गया दीपक यह याद दिलाता है कि ‘सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं.’ उन्होंने कहा कि सत्य की नियति हमेशा विजय होती है और इसी भावना ने सनातन धर्म को 500 वर्षों तक संघर्ष करने की शक्ति दी. उसी संघर्ष का परिणाम है कि आज अयोध्या में यह भव्य और दिव्य राम मंदिर खड़ा है।









